पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया गया, जिसमें पाकिस्तान के भीतर घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया। भारतीय सेना के खौफ खाए पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम की अपील के बाद एक्शन रोका गया। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप तब से ही इसे रोकने का श्रेय लेने की कोशिश में लगे हैं।
एक बार फिर उन्होंने दावा किया है कि मैंने दोनों देशों (भारत-पाकिस्तान) को 250 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी देकर युद्ध रोकने के लिए मजबूर कर दिया।
अपने एशिया दौरे के आखिरी पड़ाव दक्षिण कोरिया में ट्रंप ने कहा, “अगर आप भारत और पाकिस्तान को देखें, तो वे एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। सात विमान मार गिराए गए।”
मैंने दोनों नेताओं को 250 प्रतिशत टैरिफ की चेतावनी दी- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी नेताओं से बात करके उन्हें टैरिफ के बारे में चेतावनी दी। मैंने कहा था कि मैं हर देश पर 250 प्रतिशत टैरिफ लगाऊंगा, जिसका मतलब है कि वे कभी व्यापार नहीं करेंगे। यह कहने का एक अच्छा तरीका था कि ‘हम आपके साथ व्यापार नहीं करना चाहते’।”