बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। इसी के साथ 1314 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई, जिसका फैसला 14 नवंबर को आएगा। लोकतंत्र के इस महापर्व में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। गांवों से लेकर शहरों तक मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक सभी अपने मताधिकार के प्रति सजग दिखे। रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में काम करने वाले कई प्रवासी बिहार लौटे और सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे खत्म हो गई। हालांकि, वोट डालने के लिए लाइन में लगे मतदाताओं को वोटिंग का समय समाप्त होने के बाद भी वोट डाने दिया गया।
