राजधानी दिल्ली में एक फिर से स्कूलों और कोर्ट को बम की धमकी मिली है। दिल्ली के साकेत कोर्ट, पटियाला हाउस, तीस हजारी और रोहिणी कोर्ट समेत सीआरपीएफ के दो स्कूलों को बम की धमकी मिली है। यह धमकी भरा ई-मेल जैश-ए-मोहम्मद के नाम से आया है।
वहीं, जांच के लिए मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने बताया कि ये स्कूल प्रशांत विहार और द्वारका में स्थित हैं और बम की धमकी वाली कॉल सुबह करीब 9 बजे मिली थी।
इस मामले में एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने दोनों स्कूलों की गहन जांच की और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसे झूठी खबर घोषित कर दिया गया है।
सीआरपीएफ स्कूल में मंगलवार को वार्षिक उत्सव चल रहा है। पिछले साल इस स्कूल के पास बम धमाका हुआ था। सीआरपीएफ स्कूल से कुछ ही दूरी पर स्थित रोहिणी कोर्ट परिसर की भी पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों जगहों की सघन तलाशी ली गई, कुछ असामान्य नहीं मिला।

