तरला नागल और ढाकपट्टी बस्तियों में एमडीडीए की ओर से ध्वस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। बस्तीवासियों को बेघर होने का डर सता रहा है। जिसके चलते बड़ी संख्या में बस्तीवासी नगर निगम पहुंच गए और महापौर से मदद की गुहार लगाई। मामले में महापौर सौरभ थपलियाल की ओर से नोटिस और ध्वस्तीकरण को लेकर एमडीडीए के अधिकारियों के साथ वार्ता करने का आश्वासन दिया गया।
बुधवार को बड़ी संख्या में बस्तीवासी नगर निगम परिसर पहुंच गए। यहां विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं की अगुआई में उन्होंने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की और बस्तियों में घर उजाड़ने का आरोप लगाया। काफी देर हंगामे के बाद बस्तीवासियों का एक प्रतिनिधि मंडल महापौर से मिला। जहां उन्होंने एमडीडीए का नोटिस दिखाकर मदद का आग्रह किया। जिस पर महापौर अपने कक्ष से बाहर बस्तीवासियों के बीच पहुंच गए और उन्होंने इस प्रकरण पर एमडीडीए के अधिकारियों और शहरी विकास मंत्री से वार्ता का आश्वासन दिया। जिसके बाद बस्तीवासी वापस लौट गए।

