कुल्लू। जिला कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय Kullu Festival of Speed 2025 (2nd Edition) में सिरमौर की अनुपमा शर्मा ने लेडीज़ ओपन कैटेगरी में जीत दर्ज कर नया इतिहास रच दिया। पेशे से सरकारी गर्ल्स स्कूल हमीरपुर में अंग्रेजी प्रवक्ता अनुपमा शर्मा ने मात्र 1 मिनट 31 सेकंड में अपना ट्रैक पूरा करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
यह पहला अवसर था जब उन्होंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी Fronx कार के दम पर 4×4 वाहन को कड़ी चुनौती देते हुए शानदार जीत दर्ज की।
जीत के बाद अपनी खुशी साझा करते हुए अनुपमा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को अपनी हॉबी और सपनों पर फोकस करते रहना चाहिए। “शुरुआत में असफलता मिल सकती है, लेकिन निरंतर मेहनत से सफलता एक दिन जरूर मिलती है,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि स्कूल टाइम से ही वे गाड़ी चला रही हैं और पिछले दो दशकों से बुलेट भी चला रही हैं। मोटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स उनका पसंदीदा क्षेत्र रहा है।
अनुपमा ने बताया कि उनके माता-पिता और 11 वर्षीय बेटे ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। “मेरे बेटे ने कहा था— मम्मा जीतकर आना, और आज मैंने उसका तथा अपना सपना पूरा कर लिया,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।
उन्होंने आयोजनकर्ताओं का भी आभार जताया जिन्होंने युवाओं के लिए इतना शानदार मंच उपलब्ध करवाया। साथ ही युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर रचनात्मक कार्यों में आगे आएं।
रिपोर्टर : श्वेता
