बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का रवैया अब पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो चुका है। उन्होंने कहा कि सत्ता की हताशा में कांग्रेस न केवल विधानसभा की गरिमा से खेल रही है, बल्कि प्रदेश की संवेदनशील जनता की भावनाओं का भी अपमान कर रही है। शौरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के एक मंत्री द्वारा राष्ट्रसेवा और अनुशासन के प्रतीक संगठन पर अभद्र टिप्पणी करना सरकार की बौखलाहट और पतनशील राजनीतिक सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि “यह केवल बयान नहीं, बल्कि उन लाखों स्वयंसेवकों का अपमान है जो निस्वार्थ भाव से समाज और देश के लिए कार्यरत हैं।” विधायक ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान वरिष्ठ मंत्री द्वारा इस तरह की बयानबाज़ी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी इससे पहले भी सदन को इस प्रकार की बयानबाजी का माध्यम बनाते रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार और मंत्री तुरंत सार्वजनिक रूप से प्रदेश की जनता से माफी मांगें।

शौरी ने कहा कि लगातार असफलताओं, अधूरे वादों और ठप पड़े विकास कार्यों से घबराकर कांग्रेस सरकार भटकाऊ बयानबाज़ी कर रही है। कभी सुरक्षा बलों पर संदेह, कभी विपक्षी नेताओं पर अभद्र भाषा और अब सेवा-भाव से जुड़े संगठनों पर हमला — यह सब कांग्रेस की हताश मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा किसी की कुंठा या राजनीतिक नौटंकी का मंच नहीं है। प्रदेश की जनता सब समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
— रिपोर्टर : श्वेता