मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक कार हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। कार सड़क से करीब 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। युवक दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे थे। दोनों युवक भारतीय सेना में सेवारत थे।
युवक दोस्त अमर की शादी के लिए ब्रेगन गांव जा रहे थे। दो गाड़ियों में ये लोग शादी के लिए मंडी से निकले थे।
हादसे में 32 वर्षीय सेना के जवान नितेश पुत्र स्वर्गी सुरेश कुमार निवासी टारना हिल थनेहड़ा मुहल्ला मंडी और जेएंडके राइफल में तैनात महेन्द्र कुमार पुत्र मोती राम गांव दूसरा खाबू डाकघर सरद्वार, तहसील बल्ह, जिला मंडी की मौत हो गई। ये दोनों एचपी 33 जी 0204 नंबर की किया सोनेट गाड़ी में सवार थे।
…फोन किया तो महिला ने उठाया
दूसरी गाड़ी में सवार दोस्तों ने बताया कि वे मंडी से करीब शाम 6 बजे चले थे। 8.15 बजे जब वे दरलोग के पास पहुंचे तो उनके पीछे चल रही दोस्तों की गाड़ी नहीं थी। उन्होंने नितेश व महेन्द्र दोनों को फोन किया जो पहले किसी ने नहीं उठाया। बाद में किसी महिला ने फोन उठाया और बताया गाड़ी नीचे गिर गई है और उसे यहां फोन मिला है।