नॉर्थ गोवा में एक वीकेंड पार्टी नाइट शनिवार देर रात एक दुखद हादसे में बदल गई, जब अरपोरा में एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, मरने वालों में अधिकांश किचन स्टाफ और पर्यटक हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
स्थानीय प्रशासन की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिस नाइट क्लब में यह हादसा हुआ, उसके पास वैध निर्माण अनुमति तक नहीं थी। अरपोरा पंचायत के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि क्लब का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था। जिससे गोवा के पर्यटन क्षेत्रों में नियामक निगरानी और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हादसे के वक्त 100 से 150 लोग डांस फ्लोर पर
चश्मदीदों ने बताया कि जब आग लगी तो डांस फ्लोर पर 100 से 150 लोग थे। घबराहट में, कई लोग नीचे किचन एरिया में भागे, जहां वे स्टाफ सदस्यों के साथ फंस गए। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर पीड़ित किचन के कर्मचारी थे; मरने वालों में तीन महिलाएं और कई टूरिस्ट शामिल थे।
बिर्च के सुरक्षा गार्ड संजय कुमार गुप्ता ने मुताबिक, यह घटना रात 11 से 12 बजे के बीच हुई। अचानक आग लग गई तब मैं गेट पर था। एक डीजे, डांसर यहां आने वाले थे, और भीड़ बहुत बढ़ने वाली थी। हैदराबाद की फातिमा शेख ने बताया कि लोग जान बचाने के लिए किचन की ओर दौड़े लेकिन वो लोग यह नहीं जानते थे कि वह रास्ता बंद है।

