Kullu। पर्वतारोहण संस्थान मनाली एवं राफ्टिंग सेंटर पिरड़ी, कुल्लू के माध्यम से राष्ट्रीय साहसिक कैंप का आयोजन शुरू हो गया है। इस कैंप में देश के चार राज्यों तेलंगाना, केरल, पंजाब और चंडीगढ़ से आए 35 एनएसएस छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। राफ्टिंग सेंटर के इंचार्ज गिमनर सिंह ने बताया कि इस दस दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों जैसे रिवर राफ्टिंग, पर्वतारोहण, ट्रेकिंग, रस्सी अभ्यास सहित आपदा प्रबंधन से जुड़ी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं में साहस, अनुशासन, टीम वर्क और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। आयोजकों के अनुसार, हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक खेलों के लिए अत्यंत उपयुक्त हैं और ऐसे शिविर युवाओं को प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। शिविर के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं संस्थानों का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर ट्रेनी प्रतिभागियों ने सुवह भगवान रघुनाथ जी के मंदिर के दर्शन किए और बाद में ढालपुर मैदान में फब्बारों का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर तेलंगाना, पंजाब,केरला, चंडीगढ़ से आए प्रतिभागियों ने कहा कि उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता के बीच हमें साहसिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्रदान हो रहा है।
पिरड़ी में राष्ट्रीय साहसिक कैंप का शुभारंभ,चार राज्यों से पहुंचे 35 NSS छात्र

