अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं राफ्टिंग केंद्र पिरडी, कुल्लू में चल रहे राष्ट्रीय साहसिक शिविर के कोर्स के पाँचवें दिन विद्यार्थियों ने ट्रेकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। राफ्टिंग केंद्र प्रभारी गिमनर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्रशिक्षणार्थियों ने सबसे पहले पीरदी सेंटर से प्रस्थान कर पिरडी महादेव के दर्शन किए। इसके उपरांत छात्र-छात्राएं ट्रेकिंग करते हुए खड़िहार गाँव तक पहुँचे।
ट्रेकिंग के दौरान विद्यार्थियों को कुल्लुवी लोक जीवन, स्थानीय परंपराओं, कला एवं संस्कृति को नजदीक से जानने और समझने का सुनहरा अवसर मिला। बच्चे पिरडी गाँव और आसपास के देवदार के घने जंगलों के बीच ट्रेकिंग करते हुए अत्यंत उत्साहित नजर आए।
कोर्स प्रभारी ने बताया कि इस दौरान विद्यार्थियों को कुल्लू घाटी के पारंपरिक परिवेश, पारंपरिक वेशभूषा, सामाजिक समावेश और प्राकृतिक विविधताओं के साथ-साथ घाटी की नैसर्गिक सुंदरता को देखने का अवसर मिला। बाहरी राज्यों से आए छात्र लगभग एक हजार मीटर की ऊँचाई पर स्थित पहाड़ी गाँव खड़िहार पहुँचकर बेहद प्रसन्न दिखाई दिए।
ट्रेकिंग के पश्चात सभी प्रतिभागी पुनः राफ्टिंग केंद्र पिरडी लौटे। शाम के समय क्रिसमस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे शिविर का वातावरण उत्सवमय और उल्लासपूर्ण बन गया। Report By Shweta
