अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं राफ्टिंग सेंटर पिरडी में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों ने लगातार दो दिनों तक साहस और रोमांच से भरपूर गतिविधियों का अनुभव किया। शिविर के आठवें दिन छात्रों ने ट्रैकिंग का प्रशिक्षण लिया और पिरडी केंद्र से बिजली महादेव मंदिर तक लगभग आठ किलोमीटर की पैदल यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की।
राफ्टिंग केंद्र प्रभारी ने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों को पर्वतीय क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराने के उद्देश्य से ट्रैकिंग को प्रशिक्षण का अहम हिस्सा बनाया गया है। इस दौरान केरल, तेलंगाना, पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने सीधी और खड़ी चढ़ाई वाले रास्तों पर चलने का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया। सुबह सात बजे ट्रैक पर निकला दल शाम को सुरक्षित रूप से वापस शिविर पहुंचा। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत आयोजित इस साहसिक शिविर के नौवें दिन प्रतिभागियों को राफ्टिंग गतिविधियों के साथ-साथ जल रेस्क्यू तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों की निगरानी में बच्चों को सुरक्षा नियमों और आपात स्थिति से निपटने के तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
कैंप प्रभारी ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता, टीम भावना और साहसिक खेलों के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। Report By Shweta.
