राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर: पिरडी में कोर्स के आठवें दिन प्रशिक्षुओं ने सीखे ट्रेकिंग के गुर

Kullu। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं राफ्टिंग सेंटर पिरडी में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर के कोर्स के आठवें दिन प्रतिभागी छात्रों को ट्रेकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने पिरडी केंद्र से बिजली महादेव मंदिर तक लगभग आठ किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी की।
राफ्टिंग केंद्र प्रभारी ने बताया कि पूरे कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को कम से कम एक दिन पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेकिंग करवाई जाती है। इसी कड़ी में छात्रों को बिजली महादेव मंदिर तक पैदल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि केरल, तेलंगाना और पंजाब जैसे दक्षिण व अन्य राज्यों से आए छात्रों के लिए सीधी और खड़ी चढ़ाई एक बिल्कुल नया और रोमांचक अनुभव रहा।
प्रभारी ने जानकारी दी कि छात्रों को सुबह सात बजे ट्रेकिंग के लिए रवाना किया गया और शाम को सभी प्रतिभागी सुरक्षित रूप से बेस कैंप पहुंचे। इस ट्रेकिंग के माध्यम से छात्रों को सहनशक्ति, अनुशासन और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित यात्रा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।

Exit mobile version