Kullu। जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 72 ग्राम चिट्टा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है, वहीं इस बात की गहन जांच शुरू कर दी गई है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से बरामद की गई चिट्टा की खेप काफी बड़ी है, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि “चिट्टा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस घातक नशे से मुक्त किया जा सके। Report By Shweta