केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे। बीते 10 माह में शाह सीमांत क्षेत्र में दूसरी बार पहुंच रहे हैं। इससे पहले वह अप्रैल, 2025 में बीएसएफ की विनय पोस्ट पर आए थे। इस बार वह पाकिस्तानी सीमा से लगती बीएसएफ की गुरनाम व बोबिया पोस्ट पर जाएंगे।
शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। बीते तीन वर्ष में कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ जिलों में आतंकी वारदात बढ़ी हैं। सूत्रों के अनुसार, जम्मू संभाग के पहाड़ी जिलों में मारे गए आतंकी या सक्रिय आतंकियों में अधिकांश ने हीरानगर सेक्टर से ही घुसपैठ की है।
कई बड़े अधिकारी मौजूद
ऐसे में शाह घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर एंटी टनल सिस्टम को मजबूत करने और तकनीकी ढांचे की स्थिति देखने के लिए पहुंच रहे हैं। उनके साथ गृह सचिव समेत बीएसएफ और पुलिस के भी कई बड़े अधिकारी रहेंगे।
पाकिस्तान की तरफ से लगातार ड्रोन भेजने और इसके जरिए हथियारों व हेरोइन की तस्करी और आतंकियों के गोला बारूद पहुंचाने के निरंतर षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। शाह बीएसएफ को कई अहम निर्देश भी दे सकते हैं। वहीं शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी की गई है।
रात 11 बजे जम्मू पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री
तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार रात करीब 11 बजे जम्मू पहुंचे। जम्मू के तकनीकी हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, भाजपा के विधायकों व अधिकारियों ने किया। भाजपा नेता रात साढ़े नौ बजे से तकनीकी हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।