Site icon

अमृतसर में सरहद पार हथियार तस्करी मॉड्यूल बेनकाब; पांच पिस्तौल संग दो आरोपी गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरहद पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच आधुनिक पिस्तौल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से पंजाब में सक्रिय एक बड़े अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। वे सीमा के नजदीकी इलाकों के कोऑर्डिनेट्स साझा कर रात के समय हथियारों की ड्रॉपिंग करवाते थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचाकर इन हथियारों को आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।

पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपित

गिरफ्तार आरोपियों में 26 वर्षीय शेरा सिंह और 21 वर्षीय जगरूप सिंह उर्फ जूपा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शेरा सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं जगरूप सिंह के बारे में कहा जा रहा है कि वह हाल ही में इस नेटवर्क से जुड़ा था और लालच में आकर अवैध धंधे का हिस्सा बना।

मामले में थाना कैंटोनमेंट, अमृतसर में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है, ताकि सीमा पार बैठे संचालकों और स्थानीय सहयोगियों की पहचान की जा सके।

Exit mobile version