बादशाहपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर 69 स्थित एक पीजी में छात्रा के साथ हैवानियत मामले में नया खुलासा हुआ है। त्रिपुरा की रहने वाली 19 वर्षीय पीड़ित छात्रा की मां ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आरोपित लिव-इन पार्टनर कैसे बीते तीन दिन से बंधक बनाकर उनकी बेटी को टॉर्चर कर रहा था।
पीड़िता की मां ने कहा, “16 फरवरी को रात 10 बजे मेरी बेटी ने मुझे कॉल किया और कहा, मेरे पास समय नहीं है, मुझे मार दिया जाएगा… शिवम नाम का एक व्यक्ति पिछले 3 दिन से मेरे साथ मारपीट कर रहा है। उसने मारपीट करने के साथ मुझे जलाया भी है, वह आज मुझे मार डालेगा।”
पीड़िता से कैसे हुई शिवम की मुलाकात?
पीड़ित छात्रा की मां ने आगे कहा, “उसने (बेटी ने) मुझे बताया कि शिवम ने उसे तीन दिन तक एक कमरे में बंद रखा और उस पर पेशाब किया। उसने पिछले 3 दिनों में हर दिन तीन बार उसके प्राइवेट पार्ट्स को भी जलाया। उसने चाकू से उसके शरीर पर कई जगह काटा। मेरी बेटी बायो-टेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने गुरुग्राम आई थी। ऑनलाइन एप्स के माध्यम से उसकी शिवम (आरोपित) से दोस्ती हुई। शिवम ने शादी का झांसा देकर मेरी बेटी के साथ भी दुष्कर्म किया। मेरी बेटी की हालत बहुत खराब है।”
उल्लेखनीय है कि तीन दिन तक अमानवीय यातनाएं सहने के बाद छात्रा ने किसी तरह आरोपित का मोबाइल लिया और अपनी मां को फोन किया। बंगाली भाषा में बात करते हुए उसने सारी कहानी बताई और वहां से छुड़ाने के लिए कहा। मां ने तुरंत त्रिपुरा पुलिस से संपर्क किया और वहां की पुलिस ने गुरुग्राम के बादशाहपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
बादशाहपुर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसके विरुद्ध कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छात्रा का इलाज चल रहा है। डॉक्टर जो भी रिपोर्ट देंगे, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।