Kullu में ‘India Handloom Brand’ के संवर्धन पर कार्यशाला आयोजित |

भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत Textiles Committee द्वारा गुरुवार को कुल्लू के Hotel City Choice Inn में “इंडिया हैंडलूम ब्रांड (IHB) के संवर्धन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टेक्सटाइल्स कमेटी के अधिकारियों, बुनकर सेवा केंद्र कुल्लू, हस्तशिल्प सेवा केंद्र, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं तथा क्षेत्र के बुनकरों ने भाग लिया। कार्यशाला में बताया गया कि वर्तमान में देशभर के 2240 विशिष्ट उत्पाद India Handloom Brand (IHB) के अंतर्गत पंजीकृत हैं। यह ब्रांड उच्च गुणवत्ता, प्रामाणिकता और पर्यावरण-अनुकूल हथकरघा उत्पादों को प्रमाणन प्रदान करता है। पंजीकरण की सुविधा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध है। कार्यशाला का उद्देश्य राज्य सरकार की क्रियान्वयन एजेंसियों को IHB से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रक्रियाओं से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम में IHB की अवधारणा, उद्देश्य, लाभ, पात्रता मानदंड, उत्पादों की सूची, आवेदन प्रक्रिया और स्थल सत्यापन की विधि पर विस्तृत जानकारी दी गई। राष्ट्रीय स्तर की सफल कहानियों को साझा करते हुए संबंधित एजेंसियों को विशिष्ट उत्पादों और उनसे जुड़ी अर्थव्यवस्था के समग्र विकास के लिए समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया गया।
टेक्सटाइल्स कमेटी के श्री राजीव कुमार ने देश में IHB को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। वहीं भुट्टिको के अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कुल्लू शॉल की उत्पत्ति पर जानकारी देते हुए वस्त्र समिति के कार्यों की सराहना की और बुनकरों से IHB योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया। बुनकर सेवा केंद्र कुल्लू के सहायक निदेशक श्री विनय कुमार ने बुनकरों का उत्साहवर्धन करते हुए IHB की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तथा भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र कुल्लू की प्रबंधक श्रीमती प्रवीण लता ने राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। तकनीकी सत्र में ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। कार्यक्रम के अंत में टेक्सटाइल डिजाइनर श्री किरण कुमार हांसदा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। Report By Shweta

Exit mobile version