सीआइए थ्री की टीम ने रोहतक के कारोबारी को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर 15 लाख के गहने और 50 हजार की नकदी ठगने के मामले में गिरोह की मुख्य सरगना युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपित युवती की पहचान रोहतक निवासी मुस्कान के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सीआइए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुकी सहेली रोहतक निवासी कनिष्का के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
पूछताछ में आरोपित युवती ने बताया उसने इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी के नाम से आइडी बनाकर सोनू नाम के एक युवक से दोस्ती की। सोनू सोने की अंगूठी व गले में चेन पहनता था।
गहनों को देखकर उसने अपनी सहेली कनिष्का के साथ मिलकर सोनू को ठगने की साजिश रची। उन दोनों ने हरिद्वार घूमने के बहाने सोनू को साथ चलने के लिए राजी किया।
22 दिसंबर 2025 की शाम वह दोनों सोनू के साथ उसकी कार में रोहतक से हरिद्वार के लिए चले थे।
धुंध ज्यादा होने के कारण पानीपत में संजय चौक के पास एक होटल में कमरा लेकर रूक गए। पहले से तय साजिश के तहत कनिष्का ने सोनू को बातों में उलझा लिया और उसने रेडबुल में नशीली दवा मिला दी।
सोनू ने रेडबुल पी और कुछ देर बाद नशा होने पर सो गया तो वे दोनों सोने की चार अंगूठी, एक अगूठे का छल्ला, गले से सोने की चेन व जेब से 50 हजार रुपये कैश निकालकर होटल से फरार हो गई थी।
आरोपित ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसने ठगी किए सोने के जेवरात में से दो अंगूठी व चेन 15 लाख रुपये में बेचकर सहेली कनिष्का को उसके हिस्से के छह लाख 20 हजार रुपये देकर बाकी की नकदी व जेवरात अपने पास रख लिए थे।

