Site icon

बहरीन में भारतीय के सामने गिरीं 6 मिसाइल, हिमाचल में परिवार को वीडियो भेजकर बताई हालात की सच्चाई

खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात के बीच अनेक भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के भी हजारों लोग वर्षों से अरब देशों में कार्यरत हैं। ऐसे ही जिला ऊना के गांव दियोली निवासी विजय कुमार के सामने छह मिसाइलें गिरी। उन्होंने परिवार को वीडियो भेजकर हालात के बारे में बताया है। 

गाड़ी चलाते समय सामने गिरी मिसाइलें

उन्होंने बताया कि रविवार को जब वे ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी एक के बाद एक छह मिसाइलें गिरीं। अफरा-तफरी मच गई, लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। विजय कुमार ने भी अपनी गाड़ी खड़ी की और स्थानीय सेना के साथ जमीन पर लेटकर खुद को सुरक्षित किया।

फिलहाल वे सुरक्षित हैं और लगातार जरूरतमंदों तक जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में दियोली का यह बेटा विदेशी धरती पर भी मानवता की मिसाल पेश कर रहा है।

10 साल से बहरीन में कार्यरत

विजय इन दिनों बहरीन में संकट के बीच अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। करीब 35 वर्षों से विदेशी धरती पर ड्राइवर के रूप में कार्य कर रहे विजय कुमार दस वर्ष से बहरीन में हैं। रविवार रात उन्होंने अपने परिवार को एक वीडियो भेजा, जिसमें आसमान से गिरती मिसाइलें साफ दिखाई दे रही हैं।

दैनिक जागरण से बातचीत में विजय कुमार ने बताया कि बहरीन भौगोलिक रूप से छोटा देश है, लगभग 55 किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ। इसकी मूल आबादी करीब चार लाख है, जबकि लगभग 11 लाख प्रवासी यहां काम करते हैं।

विजय ने बताए हालात

विजय कुमार के अनुसार, हालिया तनाव के दौरान ईरान द्वारा अमेरिकी बेस को निशाना बनाते हुए नेवल एरिया में लगातार मिसाइलें दागी जा रही हैं। हालांकि रिहायशी इलाकों में अब तक किसी प्रकार की बमबारी नहीं हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version