कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भुंतर में प्रस्तावित एनसीसी हैंगर का सुरक्षा निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी यानी बीसीएएस के क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ की टीम ने एयरपोर्ट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुनाल शर्मा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया भुंतर के निदेशक, सीआईएसएफ के प्रतिनिधि और लोक निर्माण विभाग के सिविल व इलेक्ट्रिकल विंग के अधिकारी भी मौजूद रहे।





बताया जा रहा है कि पिछले निरीक्षण के दौरान बीसीएएस टीम ने सुरक्षा और संचालन से जुड़े कुछ सुझाव दिए थे, जिन्हें लोक निर्माण विभाग ने पूरा कर लिया है। 6 मार्च को हुए निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं और प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई।
हिमाचल प्रदेश सरकार इस परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर कर चुकी है। अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया भुंतर की अंतिम स्वीकृति और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए से जरूरी मंजूरियों का इंतजार है।
लाहौल-स्पीति स्वायत्त विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इस परियोजना के नियमित खर्च को अगले दो वर्षों तक वहन करने की सहमति दी है। औपचारिकताएं पूरी होते ही भुंतर एयरपोर्ट पर एनसीसी हैंगर शुरू होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से हिमाचल प्रदेश के एनसीसी एयर विंग कैडेट्स को स्थानीय स्तर पर फ्लाइंग ट्रेनिंग का मौका मिलेगा और युवाओं को एविएशन क्षेत्र में बेहतर अनुभव प्राप्त हो सकेगा। Report By Shweta