Site icon

पाकिस्तान के हमलों पर भारत सख्त, अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा; वेस्ट एशिया संकट पर रुख किया स्पष्ट

 विदेश मंत्रालय ने हाल के कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख साफ किया है। पाकिस्तान के अफगानिस्तान में हमलों की निंदा से लेकर पड़ोसी देशों को ऊर्जा सप्लाई और वेस्ट एशिया संकट तक, भारत ने संतुलित और स्पष्ट बयान दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हमले किए हैं, जिनमें आम नागरिकों के ढांचे को निशाना बनाया गया। भारत ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इन्हें बर्बर बताया है। उन्होंने कहा कि इन हमलों से आम लोगों को काफी नुकसान हुआ है और भारत एक बार फिर ऐसे हमलों की निंदा करता है।

पड़ोसी देशों को ऊर्जा सप्लाई जारी

ऊर्जा के मुद्दे पर रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत को बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव और अन्य पड़ोसी देशों से मदद के अनुरोध मिले हैं। भारत इन देशों की मदद जारी रखे हुए है।

उन्होंने कहा कि भारत साल 2007 से बांग्लादेश को डीजल सप्लाई कर रहा है और अभी भी यह सहयोग जारी है। यह सप्लाई भारत अपनी जरूरतों, रिफाइनिंग क्षमता और उपलब्धता को ध्यान में रखकर कर रहा है।

विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी पर क्या कहा?

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा छह यूक्रेनी और एक अमेरिकी नागरिक को हिरासत में लेने के मामले पर भी विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। रणधीर जायसवाल ने इसे कानूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है और संबंधित एजेंसियां काम कर रही हैं। साथ ही, काउंसलर एक्सेस के अनुरोध मिले हैं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत देखा जाएगा। चाबहार पोर्ट को लेकर रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिका ने 26 अप्रैल तक सशर्त प्रतिबंधों में छूट दी है। भारत इस मामले में सभी पक्षों के साथ बातचीत कर रहा है। वेस्ट एशिया में जारी संकट पर उन्होंने कहा कि भारत लगातार तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता रहा है ताकि जल्द से जल्द शांति बहाल हो सके।

पाकिस्तान पर फिर साधा निशाना

पाकिस्तान को लेकर रणधीर जायसवाल ने कहा कि उसका रिकॉर्ड पहले से ही संदिग्ध रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान का परमाणु प्रसार से जुड़ा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान यह दिखाते हैं कि पाकिस्तान की गुप्त परमाणु गतिविधियां दुनिया के लिए खतरा पैदा करती हैं।

Exit mobile version