Site icon

दिल्ली के रणहोला में रसाेई गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच की रेड में 459 LPG सिलिंडर बरामद

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में एलपीजी सिलिंडरों के अवैध स्टोरेज और कालाबाजारी के बड़े खेल का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 459 खाली एलपीजी सिलिंडर बरामद किए, जिनमें 284 इंडेन और 175 भारत पेट्रोलियम के सिलिंडर हैं।

क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि रणहोला क्षेत्र में बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर अवैध रूप से स्टोर किए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में टीम ने निलोठी रोड स्थित एचपी बालाजी गैस एजेंसी पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एजेंसी के मालिक सुशील कुमार सिंघल मौके पर मौजूद मिला, जो सिलिंडरों का अवैध स्टोरेज करने में शामिल था।

गैस एजेंसियों के सुपुर्द किए गए सिलिंडर

मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग की अधिकारी जग प्रवेश (एफएसओ) को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की। बरामद सभी सिलिंडरों को प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स एरिया मैनेजर संजय कुमार मेहता को सुपुर्द कर दिया गया।

गैस एजेंसी मालिक ही कर रहा था धांधली 

जांच में सामने आया है कि आरोपित, जो गैस एजेंसी का मालिक है, अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में सिलिंडर जमा कर रहा था। आरोप है कि वह इन सिलिंडरों को सामान्य वितरण से रोककर खुले बाजार में ज्यादा कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था, जिससे कृत्रिम कमी पैदा कर अवैध मुनाफा कमाया जा सके।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को जरूरी संसाधन तय कीमतों पर उपलब्ध हो सकें।

Exit mobile version