हरियाणा कांग्रेस में टिकट बेचने का गंभीर आरोप इन दिनों छाया हुआ है। रेवाड़ी के बावल (आरक्षित) विधानसभा सीट से टिकट के लिए 7 करोड़ रुपये बतौर रिश्वत देने के बावजूद टिकट न मिलने पर कांग्रेस नेता सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने यह आरोप लगाया की है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद के. सुरेश, केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाड्रा के पीए साहब खान समेत अन्य लोगों के खिलाफ शुक्रवार को ठगी का केस दर्ज कर लिया है।
पत्नी को पार्टी से निकाला, पति ने दर्ज कराई शिकायत
गौरव कुमार की शिकायत पर नाॅर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गौरव कुमार सोनीपत के कारोबारी हैं, जबकि उनकी पत्नी सुचित्रा देवी हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव थीं।टिकट न मिलने और रुपये लौटाने की मांग करने पर कांग्रेस ने सुचित्रा देवी को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद गौरव कुमार ने करीब दो सप्ताह पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर केस दर्ज किया।
7 करोड़ रुपये दिए, फिर भी टिकट नहीं मिला
शिकायत में गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि के. सुरेश और केसी वेणुगोपाल ने उनकी पत्नी सुचित्रा देवी को बावल सीट से टिकट दिलाने के बदले भारी रकम ली थी। उन्होंने बताया कि 2022 से 2024 के बीच विभिन्न बैंक खातों और नकद के जरिए कुल 7 करोड़ रुपये दिए गए।
बताया, कब-कब किसके खाते में रुपये किये ट्रांसफर
- केसी वेणुगोपाल और उनके पीए अनस अली के खातों में रुपये ट्रांसफर
- केसी वेणुगोपाल के दिल्ली आवास पर 75 लाख रुपये
- के. सुरेश के खाते, उनके बेटे और पीए के खाते में ट्रांसफर किए गए रुपये
- के. सुरेश द्वारा 90 लाख रुपये नकद लिए गए
- प्रियंका गांधी वाड्रा के पीए साहब खान को 10 जनपथ पर 25 लाख और उनके निवास पर 10 लाख रुपये दिए गए
- प्रियंका गांधी के स्टाफ सदस्यों को 25-25 लाख रुपये
गौरव कुमार ने दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के पीए ने उन्हें इनोवा कार भेजकर 10 जनपथ बुलाया था। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो जवाब मिला कि ‘प्रियंका गांधी दक्षिण भारतीय ठेकेदारों से 100 करोड़, 50 करोड़ रुपये लेती हैं, लेकिन रुपये नहीं लौटातीं। आपकी राशि तो बहुत कम है।’

