(अमरोहा)। झुंड बनाकर जंगल में घूम रहे आवारा कुत्ते जंगल में काम करने जा रहे लोगों पर हमला करने के साथ ही नीलगाय एवं गोवंशीय पशुओं के लवारों और कमजोर पशुओं को निशाना बना रहे हैं। परंतु, जिम्मेदारों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
हसनपुर तहसील क्षेत्र के राजपुर गांव में मंगलवार को शाम के समय आवारा कुत्तों के झुंड ने किसान के घेर में घुसकर गाय के सामने उसके लवारे पर हमला करके नोच कर मार डाला। किसानों ने अधिकारियों से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। गांव निवासी किसान लेखराज सिंह अपने पशुओं को घेर में बांधकर चारा लेने जंगल गए थे।
कुछ समय बाद वह जंगल से वापस आए तो देखा कि जंगली आवारा कुत्ते उनकी गाय के लवारे को बुरी तरह से नोच रहे थे। उन्होंने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए और लाठी फटकार कर बमुश्किल कुत्तों के झुंड को भगाया। लेकिन, बुरी तरह से घायल हुए लवारे की कुछ देर बाद ही तड़प कर मृत्यु हो गई। उल्लेखनीय है कि तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक हो रहा है आए दिन कुत्ते बच्चों और महिलाओं के साथ ही किसानों पर हमले कर रहे हैं।
इसके अलावा जंगल में घूम रहे बेसहारा पशुओं और नीलगायों पर भी हमला कर जान लेने के मामले सामने आ रहे हैं। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. चंद्रजीत सिंह का कहना है कि कुत्तों के हमले में लवारे की मृत्यु का मामला संज्ञान में नहीं है।
आवारा कुत्तों के हमले में इन लोगों की हो चुकी है मृत्यु
तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में कई बच्चों समेत पांच वर्ष में 12 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। जिनमें रामपुर भूड़ निवासी शरद व आर्यन, दीपपुर निवासी कनिष्क व राजवती, हसनपुर के मुहल्ला कायस्थान निवासी नसीमा, मनौटा निवासी काव्या, फूलपुर बीझलपुर निवासी संजना, मोदीनगर गाजियाबाद निवासी माधव, हुसैनपुर निवासी रिंकी, बिजनौरा निवासी नाथिया तथा लठीरा निवासी बालकिशन की जान जा चुकी है।

