बेंगलुरु के जैन यूनिवर्सिटी के चार छात्रों ने लग्जरी जीवन जीने की चाहत में अपने ही क्लासमेट को किडनैप कर लिया। चारों आरोपियों में नकली बंदूक दिखाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे रची साजिश?
पुलिस के अनुसार, बिहार, झारखंड, केरल और बेंगलुरु के रहने वाले चारों आरोपी जैन यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे। वे पहले से ही आदतन अपराधी थे और कई छात्रों को धमकी दे चुके थे।
पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए चारों ने एक प्लान बनाया फिर ओडिशा के रहने वाले शिकार मोहंती को अपने ही हॉस्टल से कार में बैठा ले गए। आरोपीयों ने फर्जी मेटल गन दिखाकर मोहंती को डराया और उसे एक आरोपी के कमरे में ले गए।
50 हजार की फिरौती
वहां से उन्होंने मोहंती के दोस्तों को फोन कर 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। दोस्तों ने शुरू में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए आरोपीयों तक पहुंच गई और पीड़ित बचा लिया।