केरलम में यूडीएफ ने एलडीएफ को दी पटखनी, पहली बार तीन सीटों पर खिला कमल

केरलम में मतदाताओं ने देश की आखिरी वामपंथी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ ने वामदलों के गठबंधन एलडीएफ को हराकर 10 साल के बाद सत्ता में वापसी की। भाजपा ने राज्य में तीन सीटें जीतकर इतिहास रचा है। इनमें तिरुअनंतपुरम जिले में नेमोम और कझाकूट्टम और कोल्लम में चथनूर सीट शामिल हैं। 2021 में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली थी। 2016 में राज्य में पहली बार भाजपा को जीत मिली थी।

ओ. राजगोपाल केरल में भाजपा के पहले विधायक

ओ. राजगोपाल नेमोम विधानसभा सीट की जीत के साथ केरलम में भाजपा के पहले विधायक बने थे। यूडीएफ की जीत के बाद कांग्रेस को अब दक्षिण भारत के तीन राज्यों में सत्ता मिली है। कांग्रेस कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में है, वहीं केरलम में कांग्रेस के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनेगी। पांच दशकों में पहली बार ऐसा होगा जब किसी भी राज्य में वामपंथी दलों की सरकार नहीं होगी। चुनाव आयोग के अनुसार केरलम की 140 सदस्यीय विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना के आंकड़ों के अनुसार, यूडीएफ ने 102 सीटें जीतीं, जबकि माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को 35 सीटें मिलीं। कुछ जिलों में एलडीएफ का सफाया हो गया है।

Exit mobile version