कभी औद्योगिक दृष्टि से पिछड़े माने जाने वाले महेंद्रगढ़ में अब टेक्सटाइल और पावरलूम उद्योग के नए अवसर दिखाई देने लगे हैं। जिले को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय हाईवे नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के बाद प्रशासन अब यहां उद्योगों की नई संभावनाओं पर फोकस कर रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को लघु सचिवालय में पावरलूम एवं टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निर्मल नागर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पावरलूम और टेक्सटाइल उद्योग को मजबूत बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के युवाओं को हरियाणा एंटरप्राइजेज एंड एंप्लायमेंट पाॅलिसी-2020 के तहत मिलने वाले लाभों से अवगत कराया जाए तथा अधिक से अधिक युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाए।
बेहतर कनेक्टिविटी से पहुंंच आसान बनी
सीईओ ने कहा कि जिले में पिछले कुछ वर्षों के दौरान हाईवे और सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। बेहतर परिवहन सुविधाओं के कारण अब कच्चे माल की उपलब्धता और तैयार उत्पादों की मार्केट तक पहुंच पहले की तुलना में काफी आसान हुई है।

