जिले के कछवां स्थित मितई के तुलापुर इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों को जाल में एक बोरी फंसी मिली। बोरी खोलने पर उसमें कंकड़-पत्थरों के साथ 26 पासपोर्ट बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक सप्ताह पहले इसी इलाके से चार अन्य पासपोर्ट भी मिले थे, जिन्हें ग्राम प्रधान के पास सुरक्षित रखा गया है। बताया गया कि बरामद पासपोर्टों में से एक पासपोर्ट इसी गांव के एक व्यक्ति का है। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि अगले दिन सभी पासपोर्ट थाने पर जमा करा दिए जाएं।
हालांकि, ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई कि घटना के बाद थाने से कोई अधिकारी या पासपोर्ट बनाने वाली टीम इसे लेने नहीं आई। उनका कहना था कि यदि वे स्वयं थाने जाएंगे, तो दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों को ही गवाह बना दिया जाएगा, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई, तो बरामद दस्तावेज़ लेने की जिम्मेदारी पुलिस स्वयं क्यों नहीं निभा रही है।

