जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन को दबाने के लिए दमनकारी ताकतों का इस्तेमाल कर रही है।
बोले- संसद जाने से रोका जा रहा, इंटरनेट भी बंद
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह इस समय पंजाब में हैं, लेकिन दिल्ली में छात्रों के साथ जो हो रहा है, वह बेहद गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है, उन्हें संसद जाने से रोका जा रहा है और इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
पेपर लीक और मूल्यांकन में गड़बड़ी…भविष्य बर्बाद
केजरीवाल ने कहा कि पहले पेपर लीक हो जाते हैं और फिर मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी होती है, जिससे छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्र न्याय की मांग करते हैं तो उनके ऊपर लाठीचार्ज कराया जाता है।
मोदी जी बच्चों से बात क्यों नहीं करते : केजरीवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा, “मोदी जी, बच्चों के गुस्से को संभालिए, वरना यह आपको बहुत भारी पड़ेगा। छात्रों के साथ बैठकर बातचीत करिए। आखिर बात क्यों नहीं करते, इतना क्या अहंकार है?”

