Site icon

ल्यारी में ‘धुरंधर’ गैंग! जेल में बंद गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई को गोली मारी, हालत गंभीर

पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी में ‘धुरंधर गैंग’ का खौफ देखने को मिल रहा है। जहां अज्ञात हमलावरों ने जेल में बंद पीपुल्स अमन कमेटी के प्रमुख और गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलूच को गोली मार दी।

यह घटना गुरुवार शाम की है, जब ज्ञात हमलावरों ने जुबैर पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान उसके सीने और पेट में कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया इस गोलीबारी में दो राहगीर भी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2012 में हुआ था गिरफ्तार

डॉन खबर के मुताबिक, दक्षिण के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सैयद असद रजा ने बताया कि जुबैर को 2012 में सात आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2025 में रिहा कर दिया गया था। उन्होंने आगे बताया कि जुबैर ल्यारी में अपने आवास के बाहर बैठा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद संदिग्धों ने उन पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। हमले के वक्त हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। हालांकि, पास के एक दुकानदार द्वारा जवाबी फायरिंग किए जाने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

इलाके के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि जुबैर कुछ महीने पहले एक राजनीतिक पार्टी में शामिल हो गया था और उसने अपने इलाके में उसके झंडे फहराए थे।

जांच जारी…

डीआईजी ने आगे बताया कि पुलिस गिरोहों की आपसी प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत दुश्मनी सहित अलग-अलग एंगल से घटना की जांच कर रही है।

2020 में उजैर को सुनाई गई 12 साल की सजा

उजैर और अन्य लोगों पर 2012 में कलाकोट पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हथियारों और विस्फोटकों से कानून प्रवर्तकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया था। अप्रैल 2020 में, एक सैन्य अदालत ने उजैर बलूच को जासूसी का दोषी ठहराया था और उसे 12 साल जेल की सजा सुनाई थी।

Exit mobile version