सोनीपत में जिला न्यायालय, डीसी कार्यालय और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सोनीपत की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर शुक्रवार सुबह 11:06 बजे भेजे गए एक ई-मेल के माध्यम से दी गई।
ई-मेल भेजने वाले का नाम बैरी बेकर दर्शाया गया है। ई-मेल में विभिन्न सरकारी संस्थानों और स्कूलों को अलग-अलग समय पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। साथ ही दिल्ली स्थित संसद भवन को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है।
अलगाववादी नारे लिखे गए
ई-मेल में राष्ट्रविरोधी और अलगाववादी नारे लिखे गए हैं और कई भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई हैं। इसके अलावा पांच अगस्त और 15 अगस्त को भी विस्फोट करने जैसी धमकियां दी गई हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
ई-मेल में मीडिया संस्थानों को सूचना देने और संदेश को आगे प्रसारित करने का भी उल्लेख किया गया है।
धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

