
नोएडा पंजाबी एकता समिति (पंजीकृत) में संगठनात्मक बदलाव के तहत नए नेतृत्व की घोषणा की गई है। समिति के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता द्वारा नई संस्था के गठन के कारण अपने पद से इस्तीफा देने के बाद आयोजित आपातकालीन प्रबंधकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से विनीत मेहता को समिति का नया अध्यक्ष तथा गौरव चाचरा को चेयरमैन नियुक्त किया गया। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, नवनियुक्त अध्यक्ष विनीत मेहता ने अपने पहले संगठनात्मक निर्णय के रूप में नवीन सोनी को समिति का कोषाध्यक्ष मनोनीत किया। समिति के पदाधिकारियों ने इसे संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समिति के महासचिव नरेंद्र चोपड़ा ने नव नियुक्त अध्यक्ष विनीत मेहता, चेयरमैन गौरव चाचरा तथा कोषाध्यक्ष नवीन सोनी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम पूर्ण समर्पण, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ समाजहित में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले समय में सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति देगा।
अपने संबोधन में विनीत मेहता ने कहा कि समिति द्वारा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उनका लक्ष्य पंजाबी समाज को और अधिक संगठित करना, सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा सेवा कार्यों का विस्तार करना रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का विश्वास जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में उपस्थित प्रबंधकारिणी के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में नोएडा पंजाबी एकता समिति सामाजिक सेवा, सामुदायिक विकास और जनहित के कार्यों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। साथ ही संगठन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। – नोएडा | विशेष संवाददाता