उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान के बीच पार्टी हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनावी अभियान पार्टी संगठन के तय कार्यक्रम के मुताबिक ही चलाया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने हरिश रावत से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य में सभी नेताओं को साथ लेकर कांग्रेस के बैनर तले सामूहिक अभियान चलाया जाएगा।
व्यक्तिगत अभियान की अनुमति नहीं
केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरिश रावत से राज्य में चल रहे चुनावी अभियानों को लेकर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के सभी अभियान उत्तराखंड के नेताओं के साथ मिलकर, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आगे बढ़ाए जाएंगे। अभियान का एकमात्र लक्ष्य पार्टी की जीत सुनिश्चित करना होगा।

