Kullu : दिनांक 07 जनवरी 2026 को थाना बंजार क्षेत्र के अंतर्गत जिभी–गाड़ागुशैणी मार्ग पर मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस संबंध में पुलिस थाना बंजार में धारा 126(2), 115(2), 3(5) BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसे बाद में धारा 103 BNS में परिवर्तित कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता लवली (22 वर्ष), चालक टैक्सी संख्या HR-56C-2096 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दीपक कुमार झा द्वारा चंडीगढ़ से जिभी (बंजार) आने के लिए टैक्सी बुक की गई थी। 07 जनवरी को गाड़ागुशैणी से वापसी के दौरान वाहू नामक स्थान पर 12–15 अज्ञात व्यक्तियों ने टैक्सी को रोककर दीपक कुमार झा के साथ मारपीट की। इस दौरान 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद जब दोनों जिभी पहुंचे तो दो व्यक्ति बाइक पर उनका पीछा करते हुए आए और जबरन उन्हें दोबारा गाड़ागुशैणी ले जाया गया, जहां मौजूद अन्य लोगों द्वारा दीपक कुमार झा के साथ फिर से मारपीट की गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल दीपक कुमार झा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में प्राथमिक उपचार दिलवाया गया, जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। उपचार के दौरान 08 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि को उनकी मृत्यु हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा फॉरेंसिक टीम को जांच के निर्देश दिए गए। मारपीट में संलिप्त 05 व्यक्तियों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है



