प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात देश की सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा हुई। विदेश से भारतीयों की वापसी और स्थिति बिगड़ने पर उससे निपटने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार देर रात संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।
पीएम मोदी ने बेंजामिन नेतन्याहू से की बात
मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी फोन पर बात की और तनाव को जल्द खत्म करने पर जोर दिया। पीएम मोदी और यूएई प्रेसिडेंट शेख मोहम्मद के बीच हुए संवाद की जानकारी इंटरनेट मीडिया के जरिये दी गई है। इसमें पीएम मोदी ने कहा है कि यूएई के प्रेसिडेंट व अपने भाई शेख मोहम्मद से बात की है और यूएई पर हुए हमले की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
साथ ही इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई है। इस कठिन घड़ी में भारत यूएई के साथ है। यूएई में रहने वाले भारतीयों की देखभाल के लिए मैंने उनको धन्यवाद भी दिया। हम तनाव खत्म करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा व स्थिरता का समर्थन करते हैं।