वजीरपुर इलाके में बच्चों के झगड़े के बाद दो परिवार में खूब बवाल हो गया। शुक्रवार को दोपहर और रात को पथराव होने के बाद देर रात चाकूबाजी हो गए। हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग जख्मी हो गए। नई दिल्ली के वजीरपुर की जेजे कॉलोनी में हुए खूनी संघर्ष में सीने में चाकू लगने से राधे श्याम की मौत हो गई। मुन्नी देवी का आरोप है कि गौतम का चाकू लगने से ही उसके पिता राधे श्याम की मौत हुई। गौतम जमाल को चाकू मारने आ रहा था। राधे श्याम ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसका चाकू पिता के सीने में घुस गया। वहीं राधे श्याम की पत्नी कमला का आरोप है कि उसके पति की हत्या इरशाद ने की है। पुलिस दोनों परिवारों के आरोप की पड़ताल कर रही है। फिलहाल गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
झगड़े को सांप्रदायिक करने का आरोप
कमला ने आरोप लगाया कि जमाल और उसका परिवार उनको पसंद नहीं करते हैं। वह पिछले कई साल से इलाका छोड़कर कहीं और शिफ्ट होने का दबाव बना रहे हैं। इन लोगों ने सांप्रदायिकता की वजह से उनके परिवार को निशाना बनाया है। उसके पति को भी इसीलिए मारा गया है। इलाके के कई लोग इनके साथ मिले हैं। वहीं जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने इससे साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि पूरी तरह से यह दो परिवारों का झगड़ा है। इसमें दो समुदायों को शामिल करने की बात गलत है।
बहू से की थी छेड़छाड़
कमला ने आरोप लगाया कि एक साल पहले जमाल और उसके बेटों ने उसकी बहू के साथ छेड़छाड़ की थी। उस समय भी खूब बवाल हुआ था। पुलिस को भी सूचना दी गई थी। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों के बीच समझौता करवा दिया था। उसी समय से दोनों परिवारों के बीच खींचतान चली आ रही है। कमला का आरोप है कि उसका बदला लेने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया है।