नई दिल्ली। असम के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग के परिवार ने सीआईडी के पास शिकायत दर्ज करवाई है। जुबीन के परिजनों ने उनकी मौत की जांच करवाने की मांग की है। जुबीन की पत्नी गरिमा गर्ग, चाचा मनोज बोरठाकुर और पामी बोरठाकुर ने असम सीआईडी के पास अर्जी डाली है।
19 सितंबर को सिंगर जुबीन गर्ग की सिंगापुर में रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई थी। जुबीन के परिवार ने उनके मैनेजर सिद्धार्थ सरमा और आयोजनकर्ता स्यामकानु महंत पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिवार को किसपर शक?
दरअसल जुबीन सिंगापुर में आयोजित नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। इस इवेंट का आयोजन स्यामकानु महंत ने किया था। वहीं, उनके मैनेजर सिद्धार्थ भी जुबीन के साथ सिंगापुर गए थे। सूत्रों के अनुसार, सिंगापुर में रहने वाले असम समुदाय के लोगों ने जुबीन गर्ग को एक याच पार्टी में भी बुलाया था।