झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की सीमा से सटे ओडिशा के बड़बिल शहर में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हुई बड़ी डकैती से इलाके में सनसनी फैल गई। हथियारों से लैस छह बदमाशों ने बैंक में घुसकर पांच करोड़ रुपये से अधिक का सोना और करीब आठ लाख रुपये नकद लूट लिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी बदमाश अचानक बैंक में दाखिल हुए और हथियार दिखाकर कर्मचारियों व ग्राहकों को एक तरफ कर दिया। इसके बाद लॉकर और काउंटर से सोने के आभूषण व नकदी समेट ली। वारदात के दौरान बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी सिस्टम खोलकर उसकी हार्ड डिस्क भी साथ ले ली, जिससे पुलिस को अब तक फुटेज नहीं मिल सकी है। डकैती के बाद सभी छह बदमाश पांच मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। झारखंड-ओडिशा सीमा से सटा इलाका होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
