गदपुरी थाना अंतर्गत सहराला गांव के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर दो सर्राफा व्यापारियों से उनकी कार, 30 किलो चांदी और आठ लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया। पीड़ित किसी तरह पुलिस के पास पहुंचे और मामले की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईको कार में बैठे बदमाशों ने रोका
पुलिस को दी गई शिकायत में नूंह के फिरोजपुर झिरका के रहने वाले कपिल सिंगला ने बताया कि वह अपने भाई शुभम के साथ 11 मार्च को अपनी स्विफ्ट कार से कच्ची चांदी लेकर दिल्ली गए थे। दिल्ली के कूचा महाजनी से चांदी बदलवाकर और आठ लाख रुपये नकद लेकर वे शाम करीब चार बजे वापस घर के लिए रवाना हुए। उन्होंने चांदी को ड्राइविंग सीट के नीचे और नकदी को डिग्गी में एक बैग में रखा था। शाम करीब पांच बजे जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कैली गांव बाईपास से पांच किलोमीटर आगे बढ़े, तभी एक सिल्वर रंग की ईको कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
लुटेरे पीड़ितों की कार में बैठकर उसे चलाने लगे
इसके बाद कार से उतरे पांच नकाबपोश युवकों ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और कट्टा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने दोनों भाइयों को लोहे की चेन और हाथों से बुरी तरह पीटा और उन्हें गाड़ी के फर्श पर डाल दिया। लुटेरे पीड़ितों की कार में बैठकर उसे चलाने लगे।
करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद रात करीब आठ बजे बदमाशों ने दोनों भाइयों के हाथ बांधकर उन्हें बंचारी गांव के पास एक नाले की पटरी पर फेंक दिया और गाड़ी, चांदी व नकदी लेकर फरार हो गए। देर रात किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पीड़ित करीबी, दुकान के कर्मी और अन्य संबंधियों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।