सेलिब्रिटी के बाद अब एमपी में कारोबारियों-व्यापारियों को लॉरेंस गैंग के गुर्गों की धमकियां मिल रही हैं। अशोकनगर से लेकर ब्यावरा, इंदौर, भोपाल के कारोबारी-व्यापारी इनकी लिस्ट में है। करीब एक महीने पहले अशोकनगर के एक बिल्डर व कारोबारी को धमकी दी थी।
वहीं शनिवार को भोपाल के कारोबारी को भी धमकी दी है। बता दें कि एमपी के कारोबारियों को लॉरेंस गैंग से धमकी का यह एक महीने के भीतर यह चौथा मामला है।
लगातार मिल रही इन धमकियों से जहां कारोबारी व व्यापारियों में डर का माहौल है। वहीं पुलिस भी हैरत में पड़ गई है। इंदौर में जिस रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी मिली वह भी घबराए हुए हैं। धमकी मिलने के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सभी घटनाओं का पैटर्न समझ रही
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि इंदौर के जिस रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी मिली है। उसमें क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। जिस नंबर से कारोबारी को कॉल आया था उसकी जानकारी निकाल रहे हैं। अगर VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) से आया तो इसका भी पता लगाया जाएगा कि कहां से ये आया है।
वाइस की सैंप्लिंग कराई जाएगी। ये भी पता किया जाएगा कि सही में हरि बॉक्सर की आवाज है या नहीं। इसके साथ ही जिन-जिन जगह पर लोगों को धमकाया गया है वहां से भी जानकारी बुलवाई जा रही है, वहां किस तरह की मॉडस ऑपरेंडी रही है। इधर, देखा जाए तो कुछ जगह पर धमकाने का पैटर्न एक जैसा ही नजर आ रहा है।
आपको बताते हैं कि कब किसे मिली धमकी…
अशोकनगर: अंकित अग्रवाल से मांगे 10 करोड़ रुपए
करीब एक महीने पहले अशोकनगर के बिल्डर व कारोबारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी मिली। अंकित से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। धमकाने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंग का सदस्य “हरि बॉक्सर” बताया। व्हाट्सऐप वॉयस नोट के जरिए उसने कहा कि हमने एक बार जिसे फोन कर दिया उसे बगैर पैसे लिए नहीं छोड़ा। उसे मारा है या पैसे लिए हैं। तेरी हर एक डिटेल मेरे पास है। कोई गलतफहमी मत पालना। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस और सायबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।