फरीदाबाद में गांव फतेहपुर बिल्लौच में रहने वाले युवक की एक्सयूवी में रविवार देर शाम अचानक आग लग गई। युवक एनआइटी से अपने घर वापस लौट रहा था।
पीड़ित का कहना है कि 21 दिन पहले एक्सयूवी को खरीदकर लाया था। अब उसने कंपनी से नई गाड़ी देने की मांग की है।
SUV का टॉप मॉडल खरीदा
फतेहपुर बिल्लौच के रहने वाले डॉक्टर प्रिंस ने 10 जुलाई को एनआइटी पांच स्थित शोरूम से 25 लाख रुपये नकद देकर एक्सयूवी का टॉप मॉडल खरीदा था। यह गाड़ी डीजल वेरिएंट थी। उनका कहना है कि नई गाड़ी खरीदने के बाद उसमें कुछ दिन बाद ही कई तकनीकी खराबी आने लगी थी।
इंजन आयल कम होने का संकेत मिला
उन्होंने आरोप लगाया कि कार में इंजन आयल लीकेज की समस्या आनी शुरू हो गई थी। 26 जुलाई की रात को वह अपनी बहन को देखने के लिए एनआइटी स्थित एक निजी अस्पताल गए थे। वहां से लौटते समय कार के डैशबोर्ड पर इंजन आयल कम होने का संकेत मिला।
सर्विस सेंटर पर दी थी कार
वहीं, जांच करने पर पता चला कि इंजन आयल लीक हो रहा है। मामले की शिकायत उन्होंने कार कंपनी से की। उन्होंने गाड़ी को ठीक कराने के लिए कंपनी के सर्विस सेंटर पर दे दिया। दो दिन बाद कंपनी की ओर से फोन किया गया कि गाड़ी को ठीक कर दिया गया।
कार में अचानक लगी आग
प्रिंस ने बताया कि वह एक अगस्त शाम को सेक्टर-10 से अपने गांव फतेहपुर बिल्लौच लौट रहे थे। जैसे ही कार आइएमटी सोतई के पास पहुंची तो उसमें आग लग गई। पहले तो उन्होंने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। इस दौरान कार मालिक ने भागकर अपनी जान बचाई।