हरनौत (नालंदा)। पुलिस वाहन से बाइक की टक्कर होने से मारा गया बाइक सवार महथवर बलबा निवासी 23 वर्षीय प्रद्युम्न कुमार का पार्थिव शरीर रख जीडीएम कॉलेज के पास एनएच -20 (बख्तियार पुर – बिहारशरीफ रोड) को जाम कर आगजनी और पथराव किया।
बुधवार शाम सात बजे से लोग सड़क जाम के लिए एकत्र होने लगे और रात नौ बजे से बवाल शुरू हुआ जो लगभग 11 बजे तक चला।
राजद नेता ने किया नौकरी दिलाने का वादा
बताया गया कि प्रद्युम्न के ससुराल के स्वजन आए। उनमें से कोई एक ने स्वयं को राजद का नेता बताकर मृतक की पत्नी और अबोध बच्चों को हरनौत जीडीएम कॉलेज के पास यह कह कर ले गये कि रोड जाम करना है। हम नौकरी दिला देंगे। गांव वालों ने बताया कि शाम में प्रद्युम्न कुमार के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट ले जाने की तैयारी हो चुकी थी। लेकिन ससुराल पक्ष से आए कुछ युवकों ने किसी की बात नहीं सुनी, उल्टे ग्रामीणों से उलझ गए। वे लोग पार्थिव शरीर लेकर हरनौत के रूपसपुर जीडीएम कालेज पहुंचे और एनएच को जाम कर दिया। दोनों लेन पर टायर जला अवरुद्ध कर दिया।
12-15 राउंड हवाई फायरिंग
तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। कंकड़, पत्थर,ईंट आदि से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस बल को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस का गोला छोड़ा गया। 12-15 राउंड हवाई फायरिंग की भी बात कही जा रही है। लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
नालंदा पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि उपद्रवियों ने पुलिस बल पर ईंट, पत्थर आदि से हमला किया।अग्नि शमन की टीम ने सड़क पर जलाई गई टायर की आग को बुझाई। इसके बाद गमागमन सुचारु हुआ।
एक पुलिसकर्मी हुआ बेहोश
बताया जा रहा है कि बवाल के दौरान क्यूआरटी में शामिल एक पुलिसकर्मी का बेहोश होने की सूचना है। वहीं, सड़क जाम कर रही एक महिला जख्मी हुई है। उस महिला का उपचार थाना पुलिस ने कराई है।
प्रद्युम्न कुमार की गर्दन पर पैर रखे हुए पुलिस की फोटो वायरल
जाम में फंसे वाहनों पर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर ईंट, पत्थर, कंकड़ों से प्रहार किया। इस दौरान हरनौत ,वेना,चेरो, कल्याबिगहा, भागनबिगहा,गोखुलपुर थाने की पुलिस टीम सहित पुलिस लाईन से 150 के आसपास पुलिस बल उपस्थित थे। एसडीपीओ, एसडीएम, बीडीओ और सीओ भी उपस्थित थीं।
दावा किया जा रहा है कि स्वजन इसलिए अधिक आक्रोशित हो गए क्योंकि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक तस्वीर में दिखाया जा रहा है कि कोई पुलिस वाला जख्मी प्रद्युम्न कुमार की गर्दन पर पैर रखे हुए हैं। पुलिस ने इस तस्वीर को फर्जी बताया है। तस्वीर पर गौर करने पर भी यह फर्जी और बनावटी प्रतीत होता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कानून तोड़ने वाले बदमाशों की पहचान की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।